सोशल संवाद / जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में बुधवार, 15 जुलाई 2026 को विश्व युवा कौशल दिवस (World Youth Skills Day) उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई शैक्षणिक, रचनात्मक और कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आइडेंटिफाई द नंबर्स एंड अल्फाबेट्स, मेक द वर्ड्स फ्रॉम ब्लॉक्स, ड्राइंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, स्पीच प्रतियोगिता तथा मैथ ओलंपियाड जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक सोच, कल्पनाशक्ति, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास तथा गणितीय दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।
स्पीच प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने अपने जीवन के लक्ष्य, सपनों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मैथ ओलंपियाड रहा। प्रतियोगिता का प्रारंभिक चरण 11 जुलाई को आयोजित किया गया था, जबकि 15 जुलाई को फाइनल राउंड संपन्न हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी गणितीय प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रथम स्थान पर अंशु कुमार, उमंग महतो और पवन विश्वास, द्वितीय स्थान पर साहिल कुमार सिंह, आराध्या कुमारी और सौम्या झा, जबकि तृतीय स्थान पर संस्कार कुमार सिंह, ऋषभ कुमार और शुभ प्रतीक राणा रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यालय ने भविष्य में भी छात्रों के कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।










