सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस हादसे में एक तेज रफ्तार चेसिस की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे उनके छोटे-छोटे बच्चे अनाथ हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़े : बागूनहातु हो समाज भवन में भाजपा नेता दिनेश कुमार ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
जदयू के प्रवक्ता आकाश शाह ने इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानगो बस स्टैंड और गोलचक्कर जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आकाश शाह ने मांग की कि दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और इसके लिए स्पष्ट समय-सारणी तय की जाए। साथ ही यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने की भी जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए, तो भविष्य में ऐसे हादसे दोहराए जाते रहेंगे और निर्दोष लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे। जदयू ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और उनके बच्चों के भरण-पोषण व शिक्षा की जिम्मेदारी सरकार द्वारा लेने की भी मांग की है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और भारी वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग तेज कर दी है।










