सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। हालांकि यह मुलाकात औपचारिक थी, लेकिन इसमें झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, इसे लेकर चल रहे छात्र आंदोलन और राज्य के मौजूदा हालात की जानकारी दी।

यह भी पढे : सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई काशी, बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़े 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
राजभवन के अनुसार, मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने राज्यहित और जनहित से जुड़े कई अहम विषयों पर प्रधानमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने झारखंड में हाल के घटनाक्रमों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। खास तौर पर JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों की नाराजगी और चल रहे आंदोलन की जानकारी प्रधानमंत्री को दी गई।
बैठक के दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘संवाद से विश्वास’ नामक पुस्तक की एक प्रति भी भेंट की। लोक भवन, झारखंड द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में राज्यपाल के दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान किए गए प्रमुख कार्यों, पहलों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का संकलन किया गया है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद राज्यपाल ने भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें भी ‘संवाद से विश्वास’ पुस्तक की प्रति भेंट की गई और विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बता दें कि 31 जुलाई 2026 को संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे किए हैं। इसी अवसर पर उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों और गतिविधियों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया है।
गौरतलब है कि झारखंड में JPSC परीक्षा को लेकर पिछले कुछ समय से छात्रों का आंदोलन जारी है। अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में राज्यपाल द्वारा इस मुद्दे को प्रधानमंत्री के सामने उठाया जाना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस मुलाकात में हुई बातचीत का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस बैठक को झारखंड के महत्वपूर्ण मुद्दों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।









