सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम की ओर से शनिवार को जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी का आत्मीय स्वागत किया गया, वहीं स्थानांतरित जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार तथा जिला शिक्षा अधीक्षक सह अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी आशीष पांडे को भावभीनी विदाई दी गई।
नवपदस्थापित डीईओ का स्वागत
संघ के प्रतिनिधियों ने निशु कुमारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम की शिक्षा व्यवस्था नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी। शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।
स्थानांतरित अधिकारियों को विदाई
समारोह में मनोज कुमार एवं आशीष पांडे को अंगवस्त्र, स्मृति-स्वरूप पौधा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मनोज कुमार एवं आशीष पांडे ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों के विकास को गति देने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में सदैव सकारात्मक एवं सहयोगात्मक भूमिका निभाई। उनकी सरल कार्यशैली, विनम्र व्यवहार एवं प्रशासनिक दक्षता को जिले के शिक्षक लंबे समय तक स्मरण रखेंगे।
उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम में झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार, कृष्णा टुडू, उदित नारायण, अजय कुमार, मानस रंजन पात्रा, जोबा सोरेन, निर्मलेंदु महतो, आनंद कुमार मधुकर, तुलसी महतो सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।
सभी ने स्थानांतरित अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नवपदस्थापित डीईओ निशु कुमारी को शिक्षक संघ की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम ।
1. “नवपदस्थापित डीईओ निशु कुमारी का स्वागत करते शिक्षक संघ के पदाधिकारी”
2. “स्थानांतरित डीईओ मनोज कुमार को पौधा भेंट कर विदाई देते डॉ. मिथिलेश कुमार










