सोशल संवाद/डेस्क: Syed Mushtaq Ali Trophy का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड टी-20 क्रिकेट टीम का शुक्रवार को झारखंड पहुंचने पर भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। यह जीत राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है। सुबह जैसे ही टीम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंची, वहां मौजूद झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के पदाधिकारियों, क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं और जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

यह भी पढ़ें: Jharkhand सरकार का बड़ा फैसला: राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के आश्रितों को नौकरी और पेंशन का विशेष लाभ
एयरपोर्ट से सीधे टीम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के लिए पहुंची। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी टीम, सपोर्ट स्टाफ और जेएससीए को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की यह जीत राज्य के युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार की उपस्थिति में सभी खिलाड़ियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
शाम के समय जेएससीए स्टेडियम परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां खिलाड़ियों को औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टीम को दो करोड़ रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी, सहसचिव शाहबाज नदीम, पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व सचिव राजेश वर्मा सहित कई वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक मौजूद रहे।
टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रतीकात्मक रूप से सौंपते हुए जीत का जश्न मनाया। इस दौरान ईशान किशन समेत सभी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के दौरान अपने प्रदर्शन, चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर टीम की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए इसे पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।










