---Advertisement---

अभी और ठिठुरेगा झारखंड, कोहरा और शीतलहर भी करेगा परेशान

By Riya Kumari

Published :

Follow
झारखंड

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/रांची : झारखंड इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है और आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को इससे राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि कई इलाकों में शीतलहर का प्रभाव जारी रहेगा।

यह भी पढे : IndiGo पर DGCA की सख्त कार्रवाई: 22.20 करोड़ का जुर्माना, 50 करोड़ की बैंक गारंटी का आदेश

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक खासकर उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के जिलों में सुबह और देर रात ठंड ज्यादा महसूस की जाएगी। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोपहर के समय ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

सुबह-शाम कंकनी और दिन में ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन मध्य और उत्तरी झारखंड में ठंड का प्रकोप फिलहाल कम होने की संभावना नहीं है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शीतलहर को लेकर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है।

लोहरदगा, लातेहार, खूंटी, रांची, डालटेनगंज, गढ़वा और गिरिडीह जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने का अनुमान है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे तक शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। दोपहर में धूप निकलने के बावजूद करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

वहीं गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो और धनबाद जिलों के लोगों के लिए राहत की खबर है। यहां न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तापमान बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि बीते 24 घंटे में यह 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया था। इससे शाम और रात के समय ठंड का असर कुछ हद तक कम महसूस होगा।

पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पलामू में 5.4 डिग्री, लातेहार में 5.5 डिग्री, खूंटी में 4.3 डिग्री और रांची में 7.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर अधिकतम तापमान की बात करें तो चाईबासा में सबसे अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और शीतलहर को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version