सोशल संवाद / डेस्क : ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद चर्चित शिक्षक खान सर (फैसल खान) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। खान सर ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
यह भी पढे : जी जंपिंग करने से पहले भूलकर भी न करें ये गलतियां, जानिए जरूरी सेफ्टी चेकलिस्ट
एक वीडियो संदेश जारी करते हुए खान सर ने कहा कि जब उन्हें प्रिंस यादव की मौत की खबर मिली तो पहले उन्हें इस पर विश्वास नहीं हुआ। बाद में खबर की पुष्टि होने पर वे भावुक नजर आए और उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
खान सर ने कहा कि ऐसी घटना किसी के भी परिवार के साथ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रौशन आनंद के परिवार को यदि किसी भी तरह की सहायता की आवश्यकता होगी, तो वह हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।
उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द आधिकारिक बयान जारी करना चाहिए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। खान सर ने आशंका जताई कि इस पूरे मामले में किसी “तीसरे व्यक्ति” या साजिश की भूमिका हो सकती है, इसलिए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।
खान सर ने यह भी कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि किसी भी तरह की अटकलों पर विराम लग सके।
गौरतलब है कि प्रिंस यादव, रौशन आनंद के भाई थे और हाल ही में खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद और तोड़फोड़ मामले में नामजद आरोपियों में शामिल थे। उनकी मौत नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस घटना ने बिहार के चर्चित कोचिंग विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है और मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।









