सोशल संवाद / डेस्क : आदित्यपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 22 की पार्षद अंजू देवी के पति संजीव कुमार सिंह उर्फ बबुआ सिंह पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एस टाइप कॉलोनी स्थित उनके आवास के पास की है। हमले में संजीव कुमार सिंह के बाएं हाथ और छोटी अंगुली में चोट आई है।
यह भी पढे : Guwahati Train Accident: कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कई यात्री घायल
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने संजीव कुमार सिंह पर पिस्टल की बट से हमला किया। इस दौरान उनके हाथ में चोट लगी। घटना को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें अजेश सिंह, अमित, अमित के भाई और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोग, आरोपियों की पिटाई
हमले के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि, बताया जा रहा है कि बाद में आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही आदित्यपुर पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। संजीव कुमार सिंह पर जान से मारने की नीयत से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Adityapur Crime: वार्ड पार्षद के पति पर जानलेवा हमला, पिस्टल की बट से वार











