सोशल संवाद/डेस्क : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में एक साहित्यिक संध्या का आयोजन किया गया। इस आयोजन में संगठन के केंद्रित विषय जैसे ग्राहक हित, एमआरपी ,ग्राहकीय बोध, पर्यावरण सुरक्षा, महिला जागरूकता इत्यादि विषयों पर कविता और लघु कथा की प्रस्तुति की गई।

यह भी पढे : बोकारो में कलयुगी बेटे की करतूत, मां की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत
साहित्यिक संध्या के आरंभ में दिवंगत प्रोफेसर डॉ सिया रमन त्रिपाठी को श्रद्धांजलि भी दी गई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत शहर की सशक्त लेखिका डोली परिहार की पुस्तक फ्रीडा का विमोचन भी अतिथियों के कर कमलों द्वारा हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रही केरला समाजम की भूतपूर्व प्राचार्या राजन कौर और साहित्यकार सह संघ के कर्मठ सदस्य अजय प्रजापति ।
उनके साथ मंचासीन रहे अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, प्रांत अध्यक्ष डॉ कल्याणी कबीर और उपाध्यक्ष एंजेल उपाध्याय। परंपरा अनुसार कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर किया गया। कुमार अमलेंदु ने साहित्यकार और शिक्षाविद डॉक्टर सिया रमन त्रिपाठी को अपने वक्तव्य के माध्यम से भावांजलि प्रस्तुत की ।
डोली परिहार की पुस्तक फ्रीडा के विमोचन पर डोली परिहार ने कहा कि पुस्तकों की समीक्षा करना पुस्तक लेखन की परंपरा को जीवित रखने के लिए आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में कुल इक्कीस लोगों ने अपनी लिखी रचनाओं को प्रस्तुत किया। क्षेत्रिय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने कहा कि राष्ट्रीय हित में कार्य करने की बात जब भी होती है तो साहित्य की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहती है। हमें अपने साहित्य के द्वारा भी जन जागरण का कार्य करते रहना चाहिए । अजय प्रजापति जी ने कहा कि ग्राहक पंचायत लोगों के हित के लिए और शोषण मुक्त समाज के लिए कार्य कर रहा है जो अपने आप में सराहनीय है ।
राजन कौर ने महिला सशक्तिकरण पर अपनी बात रखी और महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। प्रांत अध्यक्ष डॉक्टर कल्याणी कबीर ने ग्राहक पंचायत के उद्देश्य और अब तक के कार्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एंजेल उपाध्याय, प्रांत पर्यावरण आयाम प्रमुख डॉ अनीता शर्मा, महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल ,पूर्वी सिंहभूम महिला आयाम प्रमुख प्रीति सिंह, पर्यावरण आयाम प्रमुख कुमार अमलेंदु, विजयलक्ष्मी वेदुला ,सुकुमार , वंदना कुमारी इत्यादि की अग्रणी भूमिका रही ।कार्यक्रम का कुशल संचालन किया आरती शर्मा ने और धन्यवाद ज्ञापन दिया रूबी लाल ने।









