सोशल संवाद/डेस्क: वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और ईंधन आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 21 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट में देरी पर चेंबर का प्रदर्शन, जमशेदपुर के विकास पर जताई चिंता
बताया जा रहा है कि दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बन रही अस्थिर स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता को संतुलित तरीके से सुनिश्चित करना है, ताकि सभी को समय पर आपूर्ति मिल सके।
अब तक उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के 15 दिन बाद दूसरा सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन नई व्यवस्था में इस अवधि को बढ़ाकर 21 दिन कर दिया गया है। हालांकि गैस बुकिंग की प्रक्रिया में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने इस नए नियम को लागू करने के लिए गैस एजेंसियों के सिस्टम में आवश्यक तकनीकी बदलाव भी कर दिए हैं। इसके बाद अब एजेंसियों के सॉफ्टवेयर में 21 दिन से पहले नई बुकिंग संभव नहीं होगी।
स्थानीय गैस एजेंसी संचालक देव नारायण महतो ने बताया कि सिस्टम अपडेट होने के बाद अब उपभोक्ताओं को दूसरे सिलेंडर के लिए 21 दिन का इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बदलाव का उद्देश्य वास्तविक घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देना और गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखना है। हालात सामान्य होने तक यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू रहेगी।









