सोशल संवाद / जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद में विशाल सांडील की हत्या कर शव स्वर्णरेखा नदी में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्तिक नामता और रवि कुंटिया को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
घटना के अनुसंधान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर डीएसपी सिटी संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
मजदूरी के पैसे को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की जांच में पता चला कि विशाल सांडील, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया चरण हांसदा के लिए मजदूरी करते थे। आरोप है कि मजदूरी के बदले कई बार उन्हें पैसे देने के बजाय मुर्गा और शराब दी जाती थी। इसी को लेकर 25 सितंबर को विशाल और चरण हांसदा के बीच विवाद हुआ था और दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद 27 सितंबर की शाम विशाल को शराब पिलाने के बहाने चरण हांसदा, रवि कुंटिया और कार्तिक नामता स्वर्णरेखा नदी के किनारे पानी टंकी के पास ले गए। वहां मौका देखकर चाकू से हमला कर विशाल की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया गया।
चरण हांसदा की तलाश में छापेमारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुंटिया (22), पिता रेपो कुंटिया, निवासी खैरबनी, गोविंदपुर और कार्तिक नामता (24), पिता राम नामता, निवासी बांगुनहातु, सूखा तालाब के पास, सिदगोड़ा के रूप में हुई है। मामले में नामजद आरोपी चरण हांसदा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बताई जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या JH05BC1477 बरामद की है।











