सोशल संवाद / सरायकेला : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को कुचाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में मौजा मेरोमजंगा क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
यह भी पढे : बंगाल बॉर्डर पर ट्रक मालिकों का अनिश्चितकालीन धरना, अतिरिक्त टैक्स वसूली के खिलाफ बड़ा आंदोलन
जांच के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में क्वार्ट्ज एवं क्वार्टजाइट खनिज का अवैध उत्खनन होते पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जमीन मालिकों और अवैध खनन गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कुचाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरायकेला-खरसावां जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन और खनन विभाग लगातार निगरानी अभियान चलाकर दोषियों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
आम लोगों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।










