सोशल संवाद / जमशेदपुर: महाराष्ट्र सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘हजूर साहिब बिल 2026’ को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के महत्वपूर्ण फैसले का झारखंड भाजपा के युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह स्पष्ट किया है कि बिल को विधानसभा में पेश करने से पहले सिख विद्वानों, जत्थेबंदियों और संबंधित पक्षों से व्यापक चर्चा की जाएगी।

सिख समुदाय से राय लेकर ही पेश होगा बिल
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि ‘हजूर साहिब बिल 2026’ को अंतिम रूप देने से पहले सिख विद्वानों, धार्मिक संगठनों और अन्य हितधारकों की राय ली जाएगी। इसके लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया जाएगा, जो सभी पक्षों से सुझाव लेकर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद ही बिल को महाराष्ट्र विधानसभा में पेश किया जाएगा।
सतबीर सिंह सोमू ने जताया आभार
भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय देश-विदेश में बसे सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर अबचलनगर साहिब सिख धर्म का अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण तख्त है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी निर्णय में सिख समाज की भागीदारी आवश्यक है।
भाजपा सिख समाज की भावनाओं के प्रति प्रतिबद्ध
सोमू ने कहा कि भाजपा हमेशा सिख पंथ की गरिमा, धार्मिक परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार सभी पक्षों से संवाद कर ऐसा समाधान निकालेगी, जिससे सिख समुदाय की भावनाओं का पूरा सम्मान हो और पारदर्शी तरीके से आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संवेदनशील और सकारात्मक कदम सिख समाज के विश्वास को और मजबूत करेगा तथा भविष्य में भी सरकार और समाज के बीच बेहतर संवाद का मार्ग प्रशस्त करेगा।

vidIQ










