सोशल संवाद/डेस्क: टुसू और मकर संक्रांति जैसे महत्वपूर्ण लोकपर्व की पूर्व संध्या पर जमशेदपुर की सामाजिक संस्था अंत्योदय Rearing the Rare ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए मुसाबनी प्रखंड के पंचायत अंतर्गत जोबला सबर बस्ती में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच नए वस्त्र और आवश्यक सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य यह था कि आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज इलाके में रहने वाले सबर समुदाय के परिवार भी अपने पारंपरिक पर्व को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मना सकें।
यह भी पढ़ें: “हेलो ! बेटा चाहिए तो 5 करोड़ दो” – इंडोनेशिया के नंबर से फिरौती कॉल, जमशेदपुर के मशहूर कारोबारी के घर मचा हड़कंप
इस अवसर पर महिलाओं को साड़ियां, बुजुर्गों को धोती, गमछा और टी-शर्ट, बच्चों को पैंट-टी-शर्ट तथा नवजात शिशुओं को कपड़े, बेबी ऑयल, पाउडर और बेबी सोप प्रदान किया गया। इसके साथ ही मकर संक्रांति के खास मौके पर ग्रामीणों को चूड़ा, मुरही के लड्डू, तिलकुट जैसी पारंपरिक सामग्री भी दी गई, जिससे पर्व का उल्लास और बढ़ गया। नए कपड़े और सामग्री पाकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास के लिए आभार जताया और इसे उनके लिए बड़ी राहत बताया।
संस्था की ओर से कहा गया कि टुसू और मकर संक्रांति झारखंड की सांस्कृतिक पहचान हैं और समाज के हर वर्ग तक इसकी खुशियां पहुंचाना संस्था का उद्देश्य है। अंत्योदय – Rearing the Rare आगे भी जोबला सबर बस्ती के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर संस्था के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी जरूरतों को जाना और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।










