सोशल संवाद/डेस्क: जमशेदपुर से एक बड़े घोटाले की खबर सामने आई है। गाजियाबाद की कंपनी मैक्सीजोन टच इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर 3000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। इस मामले में साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें: Sonari Airport से इंडिया वन एयर की उड़ानें जारी रहेंगी, नया विमान मार्च में होगा शामिल
कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह, साथ ही फिल्म अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडेय, रजा मुराद और गायक मनोज तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही परसुडीह निवासी सूर्य नारायण पात्रो भी आरोपी हैं।
शिकायत जसपाल सिंह (बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट) और कुलदीप सिंह (टेल्को कालोनी) की ओर से की गई, जिसमें बताया गया कि उन्होंने कंपनी में निवेश किया था। कंपनी ने न्यूनतम एक लाख रुपये निवेश पर 15% मासिक ब्याज का प्रलोभन दिया था। इसके चलते जमशेदपुर और झारखंड के कई निवेशक प्रभावित हुए।
बताया गया कि केवल जमशेदपुर से ही 10 हजार से अधिक निवेशकों ने 150 करोड़ रुपये का निवेश किया था। राज्य भर में निवेश की कुल राशि लगभग 600 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जनवरी 2022 के बाद कंपनी ने निवेशकों को ब्याज का भुगतान बंद कर दिया।
कंपनी का जमशेदपुर कार्यालय साकची थाना क्षेत्र, काशीडीह में था, जो बाद में बंद हो गया। निदेशक दंपति रांची जेल में बंद हैं। पुलिस ने उन्हें धनबाद से गिरफ्तार किया था। दोनों पहले जमशेदपुर जेल में थे और अब ईडी भी मामले की जांच कर रही है। साकची थाना प्रभारी आसंद मिश्रा ने बताया कि मामला सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच का है और जांच जारी है। न्यायालय में दर्ज शिकायत के आधार पर प्राथमिकी की कार्रवाई की गई है।










