सोशल संवाद / डेस्क : NASA की मशहूर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) ने अंतरिक्ष एजेंसी से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। 60 वर्षीय सुनीता विलियम्स 27 दिसंबर 2025 से आधिकारिक रूप से NASA से सेवानिवृत्त होंगी। इसके साथ ही 27 साल लंबा और ऐतिहासिक अंतरिक्ष करियर समाप्त हो जाएगा ।
यह भी पढे : Donald Trump बोले- ओबामा को नोबेल मिला, मुझे युद्ध रोकने के लिए नहीं मिला
सुनीता विलियम्स ने अपने करियर में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर तीन मिशन पूरे किए और मानव अंतरिक्ष उड़ान से जुड़े कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह फिलहाल भारत दौरे पर हैं और मंगलवार को नई दिल्ली स्थित अमेरिकन सेंटर में आयोजित एक इंटरएक्टिव सेशन में शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में उन्हें “NASA Astronaut (Retd) और US Navy Captain (Retd)” के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुनीता विलियम्स ने बताया कि कैसे एक 8 दिन का ISS मिशन बोइंग स्पेसक्राफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण 9 महीने से ज्यादा लंबा हो गया। यह अनुभव उनके जीवन का सबसे बड़ी चुनौती बना और मानव अंतरिक्ष अनुसंधान के भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

सुनीता विलियम्स का जन्म 19 सितंबर 1965 को अमेरिका के ओहायो राज्य में हुआ था। उनके पिता दीपक पंड्या गुजरात के मेहसाणा जिले के झुलासन गांव से हैं, जबकि उनकी मां स्लोवेनियाई मूल की थीं।
NASA के अनुसार, सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में कुल 608 दिन बिताए, जो किसी भी NASA अंतरिक्ष यात्री के लिए दूसरा सबसे अधिक समय है। उन्होंने 9 स्पेसवॉक किए, जिनकी कुल अवधि 62 घंटे 6 मिनट रही। वह अंतरिक्ष में मैराथन दौड़ने वाली पहली इंसान भी हैं।
NASA एडमिनिस्ट्रेटर जारेड आइजैकमैन ने सुनीता विलियम्स को एक पथप्रदर्शक बताया, जिनके नेतृत्व ने लो अर्थ ऑर्बिट में कमर्शियल मिशनों का रास्ता आसान किया। सुनीता विलियम्स एक अनुभवी पायलट भी हैं, जिन्होंने 40 से ज्यादा विमानों में 4,000 घंटे से अधिक उड़ान भरी है। उनकी यह उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के अंतरिक्ष यात्रियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेंगी।










