सोशल संवाद/डेस्क: मानगो नगर निगम चुनाव में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मानगो एवं आसपास के विभिन्न शिवालयों में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
यह भी पढ़ें: मानगो में कुमकुम श्रीवास्तव ने घर-घर जाकर मांगा समर्थन
इस दौरान उन्होंने दाईगुटू छोटा हनुमान मंदिर के समीप आयोजित कलश यात्रा, हीरा होटल स्थित शिव मंदिर, समता नगर रोड नंबर–15 शिव मंदिर, संकोसाई रोड नंबर–5 (जेपी स्कूल के पास) स्थित मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा, दाईगुटू प्राचीन शिव मंदिर में प्रातःकालीन कलश यात्रा एवं सायंकालीन शिव बारात कार्यक्रम, शारदा सिटी एनएच–33 स्थित शिव मंदिर तथा डिमना रेसिडेंसी स्थित शिव–दुर्गा मंदिर में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत पूजा-अर्चना की।



कार्यक्रमों के दौरान संध्या सिंह ने श्रद्धालु महिलाओं के साथ कलश यात्रा में सहभागिता की और भगवान शिव से मानगो क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं समग्र विकास की कामना की।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं और ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारा मजबूत होता है।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में महाशिवरात्रि को लेकर भक्तिमय वातावरण बना रहा और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।










