सोशल संवाद / डेस्क : NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार आगामी री-एग्जाम को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में जुट गई है। 21 जून को होने वाले NEET री-टेस्ट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) की मदद लेने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
यह भी पढे : पश्चिमी सिंहभूम में अवैध पत्थर परिवहन पर कार्रवाई, 10 चक्का वाहन जब्त

पीएम मोदी खुद कर रहे हैं तैयारियों की निगरानी
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद NEET री-एग्जाम की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हर महत्वपूर्ण अपडेट की जानकारी सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जा रही है। सरकार का फोकस इस बात पर है कि करीब 23 लाख छात्रों की यह परीक्षा बिना किसी गड़बड़ी और विवाद के संपन्न हो।
पेपर ट्रांसपोर्ट के लिए IAF विमानों पर विचार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उच्च स्तरीय बैठकों में यह प्रस्ताव रखा गया है कि NEET प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना के विमानों का इस्तेमाल किया जाए। इससे पेपर लीक और छेड़छाड़ की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
बताया जा रहा है कि इससे पहले प्रश्नपत्रों के परिवहन में डाक विभाग की बड़ी भूमिका रहती थी, लेकिन इस बार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया जा रहा है।
रक्षा मंत्री और शिक्षा मंत्री की हुई अहम बैठक
NEET री-टेस्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्र प्रिंटिंग, परिवहन और निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई जारी
NEET पेपर लीक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। कुछ याचिकाओं में NTA को भंग करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग की गई है। इस बीच सरकार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है।
छात्रों का तनाव कम करने पर जोर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सरकार छात्रों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि री-एग्जाम के लिए फीस माफ की गई है और पिछली फीस वापस करने की प्रक्रिया भी चल रही है। साथ ही राज्य सरकारों की मदद से देशभर के परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
21 जून को होगा NEET री-टेस्ट
NTA द्वारा जारी जानकारी के अनुसार NEET-UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को लेकर देशभर में सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि इस बार किसी भी तरह की अनियमितता न हो सके।









