सोशल संवाद/जमशेदपुर : साकची जुबिली पार्क के समीप राज्य के सबसे पुराने सिंहभूम होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज का नया भवन बनकर तैयार है. टाटा स्टील द्वारा इसका निर्माण कराया गया है. वर्ष 1953 में स्थापित यह ऐतिहासिक संस्थान 2015 से बंद पड़ा है. अब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस भवन बनकर तैयार होने से इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए नेशनल कमिशन फॉर होम्योपैथी से मान्यता के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. मान्यता मिलते ही शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी. जिससे कोल्हान सहित पूरे राज्य के छात्रों को होम्योपैथी की उच्च शिक्षा का लाभ मिल सकेगा.
ये भी पढे : TSAF Rowing Academy ने जीता पहला राष्ट्रीय पदक
नये सिरे से गठित होगी कमेटी :
संस्थान के सुचारू संचालन के लिए गठित पूर्व की कमेटी में बदलाव की प्रक्रिया शुरू होगी. पूर्व में संस्थान के संचालन के लिए 20 सदस्यीय कमेटी बनी थी. जिसके अध्यक्ष जुस्को के तत्कालीन एमडी ऋतुराज सिन्हा थे. उनके असामयिक निधन के बाद अध्यक्ष का पद रिक्त है. वहीं, वर्तमान सचिव के त्यागपत्र के बाद प्रबंधन में नये चेहरों की सुगबुगाहट तेज है. संस्थान के पूर्व प्राचार्य सह डायरेक्टर डॉ कुलवंत सिंह अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं. वर्तमान में शासी निकाय में सहायक सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.









