सोशल संवाद/डेस्क: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सिविल सर्विस परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार आयोग ने परीक्षा से जुड़े कई नियमों को पहले से ज्यादा स्पष्ट और सख्त बना दिया है, जिनका असर खासतौर पर उन उम्मीदवारों पर पड़ेगा जो पहले से किसी सेवा में चयनित हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार में ASI से सिपाही तक भर्तियां, परीक्षा तिथि और रिजल्ट जारी
नए नियमों के मुताबिक, जो उम्मीदवार पहले ही IAS या IFS में चयनित होकर सेवा जॉइन कर चुके हैं, वे अब दोबारा CSE 2026 की परीक्षा नहीं दे सकेंगे। वहीं, जो अभ्यर्थी IPS में चयनित हैं, वे परीक्षा दे सकते हैं लेकिन दोबारा IPS नहीं पा सकेंगे। इसके अलावा, अगर किसी उम्मीदवार को परीक्षा के दौरान ही किसी पुरानी परीक्षा के आधार पर IAS या IFS में नियुक्ति मिल जाती है, तो वह आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयनित होने के बाद ट्रेनिंग जॉइन नहीं करने या नियमों का पालन न करने पर उम्मीदवार की नियुक्ति रद्द हो सकती है और आगे की परीक्षाओं पर भी रोक लग सकती है। आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक चलेगी, जबकि प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को प्रस्तावित है। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले नए नियमों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।










