सोशल संवाद/डेस्क: अक्सर वाहन मालिकों के सामने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी RC खो जाने या खराब हो जाने की समस्या आ जाती है। पहले डुप्लीकेट RC बनवाने के लिए RTO के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब डिजिटल सुविधाओं ने यह काम आसान कर दिया है।

यह भी पढ़ें: फर्जीवाड़े पर सख्ती: 2.5 करोड़ आधार कार्ड बंद, सरकार ने शुरू किया बड़ा क्लीनअप अभियान
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा विकसित VAHAN 4.0 प्लेटफॉर्म के जरिए अब वाहन से जुड़ी कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। यह एक नेशनल डेटाबेस पर आधारित सिस्टम है, जिससे अलग-अलग राज्यों के RTO के बीच जानकारी साझा करना आसान हो गया है।
VAHAN 4.0 के माध्यम से वाहन की जानकारी देखना, ओनरशिप ट्रांसफर, रोड टैक्स जमा करना, फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट से जुड़ी सेवाएं जैसी कई सुविधाएं ऑनलाइन मिलती हैं। इसके अलावा RC में लोन जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया भी डिजिटल तरीके से की जा सकती है।
यदि आपकी RC गुम हो गई है या तुरंत कॉपी चाहिए, तो VAHAN पोर्टल पर जाकर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर के अंतिम अंक भरकर OTP के जरिए RC की PDF कॉपी डाउनलोड की जा सकती है।
डिजिटल RC का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह हमेशा मोबाइल में सुरक्षित रहती है, ट्रैफिक जांच के दौरान मान्य होती है और खोने या खराब होने का डर भी नहीं रहता। डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से अब वाहन से जुड़े काम पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो गए हैं।










