सोशल संवाद/डेस्क: दिल्ली से मुंबई जा रही Air India की फ्लाइट को 40 मिनट में ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोइंग 777-300ER AI887 फ्लाइट का दाहिना इंजन टेक-ऑफ के बाद बंद हो गया। उसमें ऑइल प्रेशर जीरो हो गया था। इसके चलते उसे दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा।

यह भी पढ़ें: TRAI की सख्ती: टीवी चैनलों पर प्रति घंटे सिर्फ 12 मिनट का विज्ञापन, पालन करने के निर्देश
प्लेन ने सुबह 6:10 बजे AI 887 के रूप में मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और 6.52 पर यह वापस आ गया। हालांकि 2 इंजन वाले प्लेन एक इंजन के जरिए भी सुरक्षित लैंड कर सकते हैं। इसलिए इसे तुरंत ही लौटाने का फैसला लिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के मुताबिक टेक-ऑफ के बाद लगभग एक घंटे तक हवा में थी। विमान में लगभग 335 लोग सवार थे। इन सभी को दूसरे विमान से भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।
सिविल एविएशन मंत्रालय ने Air India से मांगी रिपोर्ट
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया की फ्लाइट AI-887 की घटना पर एक्शन लिया है, जिसमें टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आई थी। मंत्रालय ने एअर इंडिया से एक डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी है। साथ ही DGCA को पूरी जांच करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने एयरलाइन को यात्रियों को हर संभव मदद देने और उन्हें अगली फ्लाइट्स में एडजस्ट करने का निर्देश भी दिया है।
हिस्ट्री में भी नहीं मिली कोई असामान्य बात
न्यूज एजेंसी PTI ने DGCA से जुड़े सोर्स के आधार पर बताया है कि विमान ने हवा में ही यू-टर्न लिया क्योंकि टेक-ऑफ के बाद फ्लैप रिट्रैक्शन के दौरान फ्लाइट के क्रू ने दाहिने इंजन में ऑयल प्रेशर कम देखा। सूत्र ने यह भी बताया कि पिछले रिकॉर्ड का रीव्यू भी किया गया, लेकिन इसमें तेल की खपत में कोई असामान्य बात सामने नहीं आई है।










