सोशल संवाद/बड़बिल (रिपोर्ट–संजय सिन्हा): बड़बिल तहसील क्षेत्र के बोलानी टाउनशिप में इन दिनों एक गाय को लेकर दो दावेदारों का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। टाउनशिप के क्वार्टर W-57 में रहने वाले बंकानीधि प्रधान ने बताया कि करीब 15–20 दिन पहले जब उनकी गाय चरने के लिए छोड़ी गई थी, तब एक व्यक्ति उसे अपने घर ले जाकर बांध लिया। जब उन्होंने गाय वापस मांगी, तो उस व्यक्ति ने गाय को अपनी बताकर गाली-गलौज की और उन्हें भगा दिया।
ये भी पढे : Karachi Blast News: कराची में भीषण धमाका, 16 की मौत, गैस रिसाव को माना जा रहा कारण
इस घटना की सूचना बंकानीधि प्रधान ने बोलानी थाना में दी थी। उन्होंने बताया कि गाय का बछड़ा उनके पास था और मां से अलग होने के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए थाना अधिकारी के कहने पर बछड़े को उस व्यक्ति के घर पहुंचा दिया गया, जिसने गाय को बांध रखा था।
बंकानीधि प्रधान ने 19 फरवरी को दोबारा इस मामले में बोलानी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल पाई है। अब देखना यह है कि बोलानी पुलिस जांच कर गाय के असली मालिक को उसका हक दिला पाती है या नहीं।










