सोशल संवाद / डेस्क : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। शनिवार तड़के उन्हें मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (PMCH) लाया गया। अस्पताल में स्ट्रेचर पर ले जाते समय उनकी आंखें बंद थीं। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

यह भी पढे : प्रधानमंत्री का मनोबल टूट चुका है और वे राहुल गांधी के सवालों से इस कदर डरे हैं कि सदन में ही नहीं बैठते
पटना पुलिस ने पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात 1995 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 468, 506 और 120बी के तहत की गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद पहले उन्हें IGIMS और फिर PMCH ले जाया गया।
आधी रात तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
गिरफ्तारी से पहले पटना स्थित पप्पू यादव के आवास पर देर रात तक भारी हंगामा देखने को मिला। लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद जैसे ही वह दिल्ली से पटना पहुंचे, वैसे ही बड़ी संख्या में पुलिस बल उनके घर पहुंच गया। सिविल ड्रेस में अधिकारी, कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अफसर मौके पर मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर की गई।
राजनीतिक साजिश का आरोप
पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तारी वारंट नहीं दिखाया और केवल संपत्ति कुर्की से जुड़े कागजात सौंपे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें डर था कि पुलिस की आड़ में अपराधी उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं।
समर्थकों का विरोध, पुलिस से बहस
गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थकों ने जोरदार विरोध किया। कुछ कार्यकर्ता पुलिस वाहनों पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी बहस भी हुई। पप्पू यादव ने मीडिया से कहा कि वह सुबह खुद कोर्ट में पेश होने को तैयार थे, लेकिन पुलिस स्टेशन नहीं जाना चाहते थे। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें देर रात हिरासत में ले लिया।
1995 के मामले में कार्रवाई
यह मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से जुड़ा है। शिकायतकर्ता मकान मालिक विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया है कि पप्पू यादव ने धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लिया और निजी उपयोग के नाम पर उसे राजनीतिक कार्यालय बना दिया। इस मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक धमकी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप लगाए गए हैं। मामला एमपी-एमएलए विशेष अदालत में विचाराधीन था और पेशी में अनुपस्थित रहने पर गिरफ्तारी का आदेश जारी हुआ।
आज कोर्ट में पेशी, जमानत पर नजर
पप्पू यादव का कहना है कि हाल ही में उन्होंने पटना में नीट छात्र की मौत और गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े मामलों पर सरकार को घेरा था, इसी वजह से उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में हैं और शनिवार को कोर्ट में पेश किए जाएंगे। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि उन्हें जमानत मिलती है या हिरासत बढ़ाई जाती है।










