सोशल संवाद / डेस्क : देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
यह भी पढे : पेट्रोल-डीजल संकट के बीच PM मोदी का बड़ा फैसला, आधा किया अपना काफिला
हाल ही में जारी नई दरों के मुताबिक नॉर्मल पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं प्रीमियम पेट्रोल अब ₹105.14 से बढ़कर ₹107.14 प्रति लीटर हो गया है। इसके अलावा डीजल की कीमत भी ₹87.67 से बढ़कर ₹90.78 प्रति लीटर हो गई है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है। पेट्रोल और डीजल महंगे होने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, जिससे सब्जियां, दूध, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो जाते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता पहले से ही बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई से परेशान है, ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए टैक्स में कटौती कर जनता को तत्काल राहत दी जाए।
नाजिया दानिश ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई और बढ़ती कीमतों के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।










