सोशल संवाद / जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कमलपुर थाना क्षेत्र के बंकुचिया मोड़ पर पुलिस ने एक गुमटी के पीछे बने कमरे में छापेमारी कर विभिन्न ब्रांड की 10 पेटी विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढे : Delhi Pollution: दिवाली के बाद 71% प्रदूषण के लिए पटाखे जिम्मेदार, IITM की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बंकुचिया मोड़ स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, वहां लोगों को बैठाकर शराब भी पिलाई जाती थी।
SSP के निर्देश पर बनी छापेमारी टीम
गुप्त सूचना मिलने के बाद SSP के निर्देश पर कमलपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बंकुचिया मोड़ स्थित गुमटी में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान गुमटी के पीछे बने कमरे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 10 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई।
लाइसेंस नहीं दिखा सका संचालक
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गुमटी संचालक गणेश महतो से शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस एवं वैध दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में कमलपुर थाना कांड संख्या 21/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/292 और उत्पाद अधिनियम 1915 की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।











