सोशल संवाद/डेस्क: Bangladesh में आम चुनाव से पहले ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। अदाणी ग्रुप ने बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखकर बकाया भुगतान जल्द करने की मांग की है और चेताया है कि भुगतान नहीं होने पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: मलेशिया दौरे से भारत की कूटनीति को नई रफ्तार, सुरक्षा, टेक्नोलॉजी और व्यापार में बड़े समझौते
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदाणी पावर लिमिटेड की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पावर प्लांट के संचालन को जारी रखने के लिए करीब 11.27 करोड़ डॉलर, यानी लगभग एक हजार करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत जरूरी है।
बताया जा रहा है कि इस बकाया में पिछले साल जून तक की रकम के साथ अक्टूबर तक दी गई बिजली सेवाओं का भुगतान भी शामिल है, जो अब तक नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि लगातार बढ़ते बकाये से बिजली उत्पादन, रखरखाव और साझेदारों के साथ कामकाज पर असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अदाणी ग्रुप भुगतान को लेकर चेतावनी दे चुका है। उस समय आंशिक भुगतान हुआ था, लेकिन बाद में फिर से बकाया बढ़ता गया। ऐसे में चुनाव से पहले यह मामला बांग्लादेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए नई चुनौती बन सकता है।










