सोशल संवाद / जमशेदपुर : चांडिल अनुमंडल सभागार में एसडीओ नितिन नवीन गुप्ता की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, विधायक सविता महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधु श्री महतो, विभिन्न थाना प्रभारियों, विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में मानसून पूर्व तैयारियों, चांडिल डैम के जलस्तर नियंत्रण तथा संभावित आपदा से निपटने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई. प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
यह भी पढे : विष्णु मंदिर बोलानी मे बैठक कर आगामी देवस्नान पुर्णिमा, रथयात्रा ,बहुड़ा यात्रा की संपन्नता की रणनीति बनी
डैम प्रबंधन और बाढ़ सुरक्षा पर जोर
बैठक में एसडीओ ने सुवर्णरेखा बहुद्देश्यीय परियोजना के प्रशासक को मानसून के दौरान चांडिल डैम का जलस्तर संतुलित बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने पर 20 से अधिक विस्थापित गांव प्रभावित हो सकते हैं. ऐसी स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमों की तैयारी, राहत संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
अतिक्रमण और एनएच की समस्याओं पर सख्ती
बैठक में चांडिल बाजार और डैम रोड पर अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा. एसडीओ ने अंचल निरीक्षक को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं, एनएचएआई के अधिकारी को गोलचक्कर क्षेत्र में नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कटिंग को लेकर फटकार लगाई. उन्होंने अवैध कटिंग तत्काल बंद कराने तथा चौका मोड़ स्थित ओवरब्रिज के नीचे जमा कचरे को अविलंब हटाने का निर्देश दिया. बैठक में हिकिम चंद्र महतो, नारायण गोप, सरदीप लायेक, श्यामल मार्डी, गाजुराम मुर्मू और प्रभात कुमार पोद्दार समेत कई समाजसेवी उपस्थित थे.










