जमशेदपुर में करमा पूजा की तैयारियां पूरी, 22 सितंबर को धूमधाम से मनेगा पर्व

By Riya Kumari

Published :

Follow
जमशेदपुर में करमा पूजा की तैयारियां पूरी, 22 सितंबर को धूमधाम से मनेगा पर्व

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: आदिवासी उरांव समाज पूर्वी सिंहभूम की ओर से 22 सितंबर को करमा पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पुराना सीतारामडेरा स्थित सरना भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में समाज के प्रतिनिधियों ने महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। भादो एकादशी के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों में करमा पूजा पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाई जाएगी।

यह भी पढे : अमरप्रीत सिंह काले के बड़े भाई सरदार त्रिलोचन सिंह ‘पम्मी भाई’ का निधन

16 सितंबर से शुरू होगी करमा पूजा की तैयारी

समाज के प्रतिनिधि राकेश उरांव ने बताया कि 16 सितंबर को अविवाहित युवक-युवतियां स्वर्णरेखा नदी से बालू लाकर जावा रोपण करेंगे। इसके बाद रोजाना सुबह और शाम जावा की पूजा-अर्चना की जाएगी।

21 सितंबर की शाम विभिन्न करम अखाड़ों में कुंवारी युवतियों द्वारा जावा जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मांदर-ढोल की थाप पर पहुंचेगा करम राजा

22 सितंबर को दोपहर 3 बजे समाज के अविवाहित युवक पारंपरिक विधि-विधान से करम राजा को आमंत्रित करेंगे। इसके बाद मांदर, ढोल और नगाड़ों की थाप पर करम डाल को पूजा स्थल तक लाया जाएगा।

युवतियां करम डाल का स्वागत करेंगी। इसके बाद करम डाल को बस्ती भ्रमण कराया जाएगा और पाहन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इसे अखाड़े में स्थापित किया जाएगा।

रात 8 बजे होगी करम राजा की कथा

करमा पूजा के दिन रात 8 बजे से करम राजा की कथा सुनाई जाएगी। कथा और पूजा संपन्न होने के बाद व्रतधारी अपना व्रत तोड़ेंगे। इसके बाद पूरी रात पारंपरिक वेशभूषा, मांदर और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ नृत्य-गान कर उत्सव मनाया जाएगा।

23 सितंबर को निकलेगा विसर्जन जुलूस

23 सितंबर को दोपहर 3 बजे करम राजा का विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस स्वर्णरेखा नदी तक जाएगा, जहां करम राजा का विसर्जन किया जाएगा।

विसर्जन के बाद समाज के लोग एक-दूसरे के घर जाकर परना मंडी (सामूहिक भोज) में शामिल होंगे और एक-दूसरे को करमा पर्व की शुभकामनाएं देंगे।

इन इलाकों में होगी विशेष पूजा

पुराना सीतारामडेरा, बिरसानगर, उलीडीह, शंकोसाई, बागबेड़ा, जादूगोड़ा और नूतनडीह समेत कई क्षेत्रों में करमा पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सीतारामडेरा में पाहन बुधु मिंज, संचु खलखो और भोला कच्छप, बिरसानगर में महावीर कुजूर, उलीडीह में पांडु कुजूर, शंकोसाई में बासु लकड़ा और बागबेड़ा में बुधराम टोप्पो पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे।

करमा पर्व पर होंगे खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम

करमा पूजा के अवसर पर कई सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 24 सितंबर को सीतारामडेरा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

वहीं 27 सितंबर को बिरसानगर जोन-6 में खेलकूद प्रतियोगिता सह करम मिलन समारोह और उलीडीह (मानगो) में खेलकूद प्रतियोगिता सह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। 10 अक्टूबर को शंकोसाई (मानगो) में परना मंडी सह मिलन समारोह होगा।

समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, करमा पूजा और खेलकूद प्रतियोगिताओं में समाजसेवी, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---