सोशल संवाद / खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के उभरते हुए युवा क्रिकेटर प्रिंस मोहम्मद अजहर ने क्रिकेट जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अजहर इन दिनों बिग क्रिकेट लीग (BCL) 2026 के दूसरे सीजन में नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस टीम की कमान वेस्टइंडीज के दिग्गज और विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के हाथों में है।

यह भी पढे : विश्व पर्यावरण दिवस 2026: जिला कारा सरायकेला में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
ग्रेटर नोएडा में 3 जून से 13 जून तक आयोजित हो रहे बिग क्रिकेट लीग के दूसरे संस्करण में देश और विदेश के कई अनुभवी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में चयनित होकर प्रिंस मोहम्मद अजहर ने न केवल खरसावां बल्कि पूरे झारखंड का गौरव बढ़ाया है।
नॉर्दर्न चैलेंजर्स टीम में अजहर को क्रिकेट जगत के कई नामचीन खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल रहा है। टीम में क्रिस गेल के अलावा श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान, भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे बड़े मंच पर खेलने से युवा खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने और भविष्य में उच्च स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर मिलता है।
प्रिंस मोहम्मद अजहर की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
गौरतलब है कि झारखंड के युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है और प्रिंस मोहम्मद अजहर की यह उपलब्धि उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।









