---Advertisement---

प्रियंका बोलीं- मोदी-केजरीवाल जैसे कायर नेता कभी नहीं देखे, जो किसी चीज की जिम्मेदारी लेना नहीं जानते

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
प्रियंका बोलीं- मोदी-केजरीवाल जैसे कायर नेता कभी नहीं देखे

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। 

यह भी पढ़े : मिडिल क्लास के साथ छलावा, बजट में जीएसटी और होम लोन में कोई राहत नहीं- आप

नई दिल्ली के चांदनी चौक में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि शीला दीक्षित जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों से दिल्ली की जनता वाकिफ है। उन्होंने दिल्ली में कई बड़े-बड़े काम किए थे। उनकी विकास पर नजर रहती थी, वह दिन रात काम करती थीं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल आए और शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जो दस साल में साबित नहीं हो पाए। 

प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि दिल्ली देश का केंद्र है। देशभर से लोग दिल्ली आते हैं। लेकिन राजनीति के कारण दिल्ली में काम रुक गए हैं। नरेंद्र मोदी अपने भाषण में हमेशा दूसरों की आलोचना करते हैं। वे कहते हैं कि जवाहर लाल नेहरू जी के कारण देश खाई में जा रहा है। दूसरी तरफ केजरीवाल कहते हैं कि हम नरेंद्र मोदी की वजह से काम नहीं कर पा रहे हैं। इनके जैसे कायर नेता कभी नहीं देखे, जो किसी चीज की जिम्मेदारी लेना नहीं जानते। 

प्रियंका गांधी वाद्रा ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी शीशमहल की बात करते हैं, केजरीवाल मोदी के राजमहल की बात करते हैं। जबकि असलियत यह है कि दोनों ने लूटा है। जनता के मुद्दे महंगाई और बेरोजगारी हैं, लेकिन आज बजट में इनपर कोई बात नहीं हुई। जनता की समस्याओं के बारे में कोई चर्चा नहीं कर रहा। बजट में कहा गया कि मध्यम वर्ग के लिए 12 लाख रुपये तक की आय पर कर में छूट दी गई है। लेकिन कोई सरकार से पूछे कि देश में कितने लोग टैक्स भरने लायक हैं, कितने लोग साल का 12 लाख रूपये कमा पा रहे हैं। सच्चाई तो यह है कि सिर्फ सात करोड़ लोग देश में टैक्स भरते हैं। 135 करोड़ जनता टैक्स नहीं भरती है, क्योंकि वह इतना कमा ही नहीं पाती। इस सरकार ने हर चीज पर जीएसटी लगा दी है, हर चीज महंगी हो गई है। महंगाई बेतहाशा बढ़ी है, लेकिन कमाई ठप है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश में पढ़े लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। केंद्र में तमाम सरकारी पद खाली पड़े हैं और दिल्ली में करीब 25 हजार पद खाली हैं। आज देश में रोजगार नहीं मिल रहा है। क्योंकि नरेंद्र मोदी ने सब खत्म कर दिया है। पहले लोगों को खेती, छोटी दुकानों, छोटे व्यवसाय और बड़ी-बड़ी सार्वजनिक कंपनियों से रोजगार मिलता था। लेकिन नरेंद्र मोदी ने सरकारी  कंपनियां बड़े-बड़े अरबपतियों को बेच दीं। हर जगह निजीकरण हो रहा है, इस कारण स्थायी रोजगार नहीं रहा।

आप-भाजपा के वादों पर सवाल उठाते हुए प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि पिछले दस साल से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है और दिल्ली में केजरीवाल की सरकार है। तब उन्होंने 500 रुपये में गैस सिलेंडर क्यों नहीं दिया। सरकार की नीयत ठीक होती तो वह समझती कि देश का धन जनता के हाथ में होना चाहिए, न कि अरबपतियों के हाथ में। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मोदी-केजरीवाल अपना स्वार्थ साध रहे हैं। केजरीवाल ने 450 करोड़ रुपये अपने प्रचार पर खर्च किए। मोदी हजारों करोड़ रुपये खर्च करके सब जगह अपना चेहरा दिखाते रहते हैं। इसलिए जनता टीवी और विज्ञापनों में जो दिखाया जा रहा है, उस पर भरोसा न करे। लोग देखें कि उनके जीवन में सुधार हुआ है या नहीं। 

कांग्रेस महासचिव ने दिल्ली में कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताने की अपील की और कहा कि देश में जहां भी कांग्रेस सरकार है, वहां लोगों के मुद्दों को ध्यान में रखकर उनकी मदद के लिए काम किया जा रहा है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---