सोशल संवाद/रांची : झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बिहार विधान परिषद की ‘बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण समिति’ के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में दोनों राज्यों द्वारा किए जा रहे कार्यों और अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की गई।
ये भी पढे : झारखंड के हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा कोल्ड स्टोरेज, किसानों को मिलेगी राहत
संसदीय समितियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान मुलाकात के दौरान समिति की अध्यक्षा डॉ. कुमुद वर्मा ने मुख्यमंत्री को बिहार में बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों से अवगत कराया। समिति के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने झारखंड विधानसभा के परिभ्रमण के दौरान यहाँ की ‘महिला बाल विकास समिति’ की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। दोनों राज्यों की समितियों ने एक-दूसरे के बेहतरीन कार्यों और अनुभवों को साझा किया, ताकि भविष्य में सामाजिक कल्याण की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कल्पना सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा की महिला बाल विकास समिति की सभापति और विधायक कल्पना सोरेन भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने झारखंड में महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में बिहार से आए प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले बिहार के प्रतिनिधिमंडल में समिति की अध्यक्ष डॉ. कुमुद वर्मा के साथ सदस्य रीना यादव, मुन्नी देवी, निवेदिता सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।









