सोशल संवाद /डेस्क : JPSC News झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। रांची स्थित JPSC कार्यालय में CID की टीम ने छापेमारी की है। इसी बीच आयोग के अध्यक्ष एल खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह भी पढे : NEET Paper Leak: JLKM नेता राजा कालिंदी ने छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जानकारी के मुताबिक, CID अधिकारियों ने आयोग के कार्यालय पहुंचकर कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। हालांकि, छापेमारी किस मामले में की गई और जांच का दायरा क्या है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
CID की कार्रवाई और एल खियांग्ते के इस्तीफे के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इस पर भी फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, उनके इस्तीफे की वजह पर न तो झारखंड सरकार और न ही JPSC की ओर से कोई बयान जारी किया गया है।
बता दें कि एल खियांग्ते झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। JPSC राज्य में विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित करने वाली प्रमुख संवैधानिक संस्था है, इसलिए आयोग से जुड़ा यह घटनाक्रम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल CID की जांच जारी है और सभी की नजर जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई पर टिकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।









