सोशल संवाद / जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडल में मानसून के दौरान बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने डिवीजन स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया है। निगम मुख्यालय ने सभी टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है, ताकि आंधी, बारिश और अन्य कारणों से होने वाले बिजली फॉल्ट का त्वरित समाधान किया जा सके।
यह भी पढे : जिले में 12,518 की जांच में 128 मिले नए मरीज
जेबीवीएनएल ने सभी डिवीजनों और सब-डिवीजनों के जिम्मेदार अधिकारियों की सूची जारी कर दी है। अब उपभोक्ता किसी भी तकनीकी खराबी, तार टूटने, ट्रांसफार्मर खराब होने या बिजली बाधित होने की स्थिति में सीधे संबंधित अधिकारी
से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मानसून के मद्देनजर प्रत्येक डिवीजन में अतिरिक्त उपकरण, वाहन और आवश्यक मैनपावर की व्यवस्था की गई है। क्यूआरटी को निर्देश दिया गया है कि शिकायत मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बहाल करें। निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से जवाबदेही बढ़ेगी, फॉल्ट दूर करने में लगने वाला समय घटेगा और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सेवा मिल सकेगी। साथ ही लोगों से बिजली चोरी और मीटर से छेड़छाड़ नहीं करने की भी अपील की गई है।
66 आपात स्थिति से निपटने के लिए डिवीजन स्तर पर क्यूआरटी टीम बनाई गई है, फॉल्ट की सूचना मिलते क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंच जाती है।
– अजीत कुमार, महाप्रबंधक, जेबीवीएनएल










