Image Slider
Dr Abhishek Child Care
Puja Swite Advertisement

राहुल, अखिलेश ने लिया केंद्र में भाजपा को हराकर इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का संकल्प

By admin

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद /दिल्ली (रिपोर्ट – सिद्धार्थ प्रकाश ): भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रविवार को उत्तर प्रदेश में भव्य स्वागत हुआ। यात्रा के 43वें दिन आगरा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। राहुल गांधी ने अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी के साथ खुली जीप में सवार होकर रोड शो भी किया। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों के बीच ग़जब का उत्साह था। यात्रा के दौरान हर तरफ भारी भीड़ नजर आ रही थी और सड़कें लोगों के हुजूम से खचाखच भरी हुई थी। 

यात्रा रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से शुरू हुई और हाथरस होते हुए आगरा पहुंची। शाम को यात्रा राजस्थान के धौलपुर में प्रवेश कर गई। 

इस दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में नफरत मिटाने का काम अखिलेश जी, प्रियंका जी और हम सब कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन का सबसे पहला काम हिंदुस्तान में फैलाई गई नफरत के खिलाफ मिलकर खड़ा होना है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में बढ़ती नफरत का कारण अन्याय है। हिंदुस्तान में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। इसी अन्याय के खिलाफ कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की है। 

बेरोजगारी और पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवा मेहनत करते हैं, फिर जब परीक्षा देने जाते हैं तो पता चलता है कि पेपर लीक हो चुका है। मोदी सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी नौकरी मांगने वालों का समय बर्बाद कर दो, क्योंकि मोदी सरकार युवाओं को रोजगार नहीं देना चाहती। आज देश का पूरा धन अडानी को सौंपा जा रहा है। हिंदुस्तान की सेना में लाखों लोग देशसेवा करते थे। उन जवानों को सम्मान के साथ मेडिकल, कैंटीन, पेंशन जैसी सुविधाएं मिलती थीं। लेकिन अब जो अग्निवीर चार साल बाद सेना से वापस आएंगे, उनकी आर्थिक स्थिति खराब होगी। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी लाकर छोटे व्यापारियों और उद्योग-धंधों को खत्म कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे बड़े अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया, मगर मोदी सरकार ने मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों का एक रुपया माफ नहीं किया। आज देश की एक प्रतिशत आबादी के हाथ में पूरा का पूरा सिस्टम है।

भागीदारी न्याय का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग की करीब 90 प्रतिशत आबादी है। लेकिन देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में इस वर्ग के लोग नहीं मिलेंगे। इन वर्गों की कहीं भागीदारी नहीं है। इन वर्गों के लोग और सामान्य वर्गों के गरीब लोग मनरेगा, कॉन्ट्रैक्ट  मजदूरों की लिस्ट में ही मिलेंगे।

किसानों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी नहीं दे रही है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने किसानों से वादा किया है कि सरकार आते ही उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य की क़ानूनी गारंटी दी जाएगी।

वहीं अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा की प्रशंसा की। अखिलेश यादव ने न्याय यात्रा के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सभी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार प्रकट किया। उन्हें खुशी है कि राहुल गांधी जी, जो मोहब्बत की दुकान लेकर चले हैं, वो अब आगरा में है। आगरा मोहब्बत का शहर है, इसलिए राहुल गांधी यहां से मोहब्बत ले जाएं और पूरी यात्रा में बांटते चलें।

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में लोकतंत्र और संविधान बचाने की चुनौती है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी ने जो सपना देखा था, उसे भाजपा ने लूटने का काम किया है। इस यात्रा का संदेश 80 हराओ, भाजपा हटाओ, देश को बचाओ है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में केंद्र में भाजपा हारेगी और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। 

वहीं अपने संबोधन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अखिलेश यादव का स्वागत करते हुए कहा कि आज बहुत ख़ुशी का दिन है। हम सब मिलकर देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। अखिलेश जी और राहुल जी भाई बनकर आगे की जंग लड़ने जा रहे हैं। देश के संविधान और लोकतंत्र के लिए एकजुट होकर आपकी ताकत और शक्ति आज बढ़ रही है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---