सोशल संवाद/डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi शुक्रवार को Sultanpur की अदालत में पेश हुए। मामला वर्ष 2018 में दर्ज एक मानहानि शिकायत से जुड़ा है, जिसमें उन पर केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। सुबह वे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जिसके बाद अदालत में हाजिरी दी गई।
यह भी पढ़ें: संविधान बदलने की बात कहने वाले संगठनों को फंडिंग कर रही मोदी सरकार- कांग्रेस
2018 में दर्ज हुई थी शिकायत
यह शिकायत स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा की ओर से दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने उस समय भाजपा अध्यक्ष रहे अमित शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी।
दिसंबर 2023 में अदालत में पेश न होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। बाद में फरवरी 2024 में उन्होंने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद विशेष मजिस्ट्रेट ने दो जमानत बांड पर 25 हजार रुपये की राशि के साथ उन्हें जमानत दे दी। 26 जुलाई 2024 को अदालत में बयान दर्ज कराते हुए राहुल गांधी ने खुद को निर्दोष बताया और पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया।
कांग्रेस का पलटवार
सुनवाई से पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अदालत के निर्देश पर राहुल गांधी पेश हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए देशभर में मुकदमे दर्ज करा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और राहुल गांधी कानूनी प्रक्रिया का सामना करने को तैयार हैं। इस मामले को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है और आगामी सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।










