सोशल संवाद / चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे की 106वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक कोलकाता स्थित ताज बंगाल होटल में आयोजित की गई। बैठक में ZRUCC सदस्य एवं नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कोल्हान क्षेत्र के रेल विकास, यात्री सुविधाओं और नई रेल सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया।

बैठक को संबोधित करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल भारतीय रेल के सबसे महत्वपूर्ण राजस्व देने वाले मंडलों में से एक है। लौह अयस्क, कोयला, इस्पात और अन्य खनिजों के परिवहन से यह मंडल हर वर्ष भारतीय रेल को हजारों करोड़ रुपये का राजस्व उपलब्ध कराता है, लेकिन इसके बावजूद कोल्हान क्षेत्र आज भी अपेक्षित रेलवे सुविधाओं और बेहतर रेल संपर्क से वंचित है।
उन्होंने सरायकेला जिला मुख्यालय को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए चाईबासा से रांची, कोलकाता और पुरी के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग की। इसके अलावा कांड्रा जंक्शन में यात्री सुविधाओं का विस्तार, चाईबासा में पिट लाइन एवं कोचिंग टर्मिनल का निर्माण तथा कोल्हान क्षेत्र में MEMU और पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा।
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि संविधान की पांचवीं अनुसूची एवं पेसा अधिनियम के तहत आने वाले आदिवासी बहुल कोल्हान क्षेत्र ने देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में रेलवे विकास योजनाओं में भी इस क्षेत्र को समान प्राथमिकता और भागीदारी मिलनी चाहिए।
बैठक के दौरान उन्होंने चक्रधरपुर रेल मंडल में मालगाड़ियों को अधिक प्राथमिकता दिए जाने के कारण यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही पूर्व बैठकों में रखे गए प्रस्तावों की कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) नियमित रूप से प्रस्तुत करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मनोज कुमार चौधरी ने कहा, “चक्रधरपुर मंडल भारतीय रेल की आय में बड़ा योगदान देता है। अब समय आ गया है कि कोल्हान क्षेत्र की जनता को भी रेलवे विकास का उचित लाभ मिले। हमारी मांग कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि विकास में न्यायसंगत हिस्सेदारी की है।”
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और औद्योगिक विकास की आधारशिला है। कोल्हान के समग्र रेल विकास और क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।










