सोशल संवाद/डेस्क : झारखंड में इस वर्ष खाली होने वाली राज्यसभा की दो सीटों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के.राजू ने इंडिया गठबंधन की ओर से एक सीट पर दावा कर इस सरगर्मी को और तेज कर दिया है। बजट सत्र के बाद प्रदेश की राजनीति में सभी दल चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बनाते दिखेंगे।
इन सीटों पर होना है चुनाव

बता दें कि उच्च सदन की जिन दो सीटों पर चुनाव होना है, उसमें एक सीट दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिछले वर्ष चार अगस्त को निधन के बाद से खाली है। वहीं, दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हो जाएगी। ऐसे में सत्ताधारी दलों (झामुमो और कांग्रेस) और विपक्ष (विशेषकर भाजपा) दोनों की निगाहें इन सीटों पर टिकी हुई हैं।
एक पर JMM की जीत तय
दो सीटों पर होने वाले चुनाव में एक पर झामुमो की जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है। दरअसल राज्यसभा सदस्य के लिए किसी भी पार्टी के उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के वोट से जीत के लिए जरूरी 27 से अधिक की संख्या जरूरी है। झारखंड विधानसभा की दलीय स्थिति बताती है कि झामुमो के सदस्यों की संख्या सर्वाधिक 34 है। वहीं, दूसरी सीट पर किसी भी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टियों की काफी रस्साकशी करनी होगी। मुख्य विपक्षी दल भाजपा की 21, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 16, राजद चार, भाकपा-माले दो, आजसू एक, जदयू एक, लोजपा (आर) के एक सदस्य हैं।










