सोशल संवाद / डेस्क : राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जांच तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जबकि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढे : श्रावणी मेलाः देवघर व बासुकीनाथ में 4400 बेड क्षमता की बनेगी टेंट सिटी

जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक लव कुश मिश्र रुदौली क्षेत्र के शुजागंज स्थित मीनापुर फगौली गांव का निवासी है। वह राम मंदिर के दानपात्रों में जमा चढ़ावे की राशि की गणना से जुड़े कार्यों में शामिल बताया जा रहा है। जांच के दौरान उसके घर से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह रकम गोबर के भीतर छिपाकर रखी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय रिकॉर्ड की हो रही जांच
जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। मंदिर परिसर और दान राशि की गिनती से जुड़े स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है। साथ ही वित्तीय दस्तावेज, लेनदेन के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का मानना है कि मामले में केवल एक व्यक्ति की भूमिका की जांच पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए दान संग्रह और गिनती की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसमें कितने लोग शामिल हो सकते हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर बनी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जांच टीम को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के अंदर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
SIT का नेतृत्व लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत को सौंपा गया है। टीम में आईपीएस अधिकारी किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को सदस्य बनाया गया है।
नृपेंद्र मिश्रा ने टिप्पणी से किया इनकार
इसी बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या पहुंचे और मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। दान गबन मामले पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्यों की निगरानी तक सीमित है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं और आने वाली रिपोर्ट के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









