सोशल संवाद/डेस्क: रांची शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और एयरपोर्ट मार्ग पर लगने वाले जाम को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को जाम से राहत देने के उद्देश्य से हिनू चौक से हेथु चौक तक के पूरे एयरपोर्ट पहुंच मार्ग को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है। अब इस सड़क पर कहीं भी वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें: झारखंड में आज से 5 मई तक बारिश की संभावना:12 जिलों में गिर सकते हैं ओले, आंधी और वज्रपात की चेतावनी
यह फैसला भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रबंधन से मिले सुझावों के बाद लिया गया। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने इलाके का निरीक्षण किया था, जिसमें पाया गया कि सड़क किनारे अवैध और बेतरतीब पार्किंग की वजह से हर दिन लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा था। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नगर निगम के नए आदेश के अनुसार संतोषी माता मंदिर, हिनू से लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र रांची और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) कैंप तक सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करें। अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से एयरपोर्ट रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।









