सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में 11 जून को गोलमुरी स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय में एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन होने जा रहा है। सुबह 10 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक चलने वाले इस कैंप के जरिए कुल 500 पदों पर योग्य युवाओं की भर्ती की जाएगी।

यह भी पढे : इंकैब : कर्मियों के बकाया का जल्द होगा भुगतान
इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के उचित अवसर प्रदान कर उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। रोजगार मेले में ई-डिजिटल इंडिया और वी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड जैसी निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां शिरकत करेंगी। कुल रिक्तियों में से 400 पद एनएपीएस (नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम) ट्रेनी के लिए है, जबकि 100 पद इंस्टॉलेशन इंजीनियर और वायरमैन के लिए निर्धारित हैं।
खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को न सिर्फ रोजगार मिलेगा, बल्कि काम के दौरान आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 10वीं और 12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी कैंप के लिए पात्र होंगे। 11 जून को बायोडाटा, जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्र के साथ जमा करना है।









