सोशल समवा / पटना : राज्य के स्टेड हाईवे और बड़े पुलों पर निजी वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने साफ कहा है कि स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिये। निजी वाहनों पर किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लगेगा। केवल व्यावसायिक वाहनों से ही टैक्स लिया जायेगा। मुख्यमंत्री की ताजा घोषणा ने राज्य की आम जनता को बड़ी राहत दी है।
यह भी पढे : इंकैबकर्मियों के खातों में आरपी ने राशि का भुगतान किया शुरू
मुख्यमंत्री अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में बोल रहे थे। गौरतलब है कि पथ निर्माण विभाग ने सोमवार को स्टेट हाईवे और पुलों पर टोल टैक्स वसूले जाने की नीति अधिसूचित की। नीति में निजी वाहनों से भी टोल टैक्स वसूलने का प्रावधान किया गया है। इससे पहले राज्य कैबिनेट ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए 1.25 से 8.10 रुपये प्रति किमी टोल टैक्स को मंजूरी दी थी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण कर रही है, ताकि हर नागरिक को समय पर न्याय मिल सके। सहयोग शिविर कार्यक्रम के तहत राज्य में अब तक चार लाख 53 हजार 62 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें चार लाख 25 हजार 660 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। जो आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें से पहला नोटिस 12 हजार 869 को, दूसरा नोटिस 340 को तथा तीसरा नोटिस 13 संबंधित पदाधिकारियों को भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की जवाबदेही और तेज कार्यशैली का प्रमाण है। हमने व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का निर्णय लिया है। जनता को कष्ट होगा, तो सरकार को भी कष्ट होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को पटना में जिन समस्याओं का निदान सहयोग शिविर के माध्यम से नहीं हो सका है या आवेदक को लगता है कि गलत आदेश जारी किया गया है, उसका समाधान किया जायेगा।
अपराधी और घुसपैठियों के लिए बिहार में जगह नहीं
सीएम ने कहा कि अपराध और घुसपैठ के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। बिहार में अपराधी और घुसपैठिये के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए 735 किमी सीमा पर 194 बीओपी स्थापित किए गये हैं।
छूटी महिलाओं को दस हजार रुपये इसी माह
सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को दस-दस हजार रुपये दिये गये हैं। जिन लाभार्थियों के खातों में राशि अभी तक नहीं पहुंची है, उन्हें इसी महीने भुगतान कर दिया जाएगा।










