सोशल संवाद/डेस्क: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह शादी 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के होटल रमाडा में होगी। इस शाही समारोह में राजनीति, क्रिकेट और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शादी में करीब 2000 मेहमानों को न्योता भेजा गया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
यह भी पढे : भागवत बोले-युवाओं को झूठ से नफरत, वे सच के साथ:बाहरियों से ज्यादा अंदर के लोगों से खतरा
3 दिसंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की रस्में 3 दिसंबर से शुरू होंगी। इस दिन मेहंदी, पूजा और अन्य पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 4 दिसंबर को दोनों सात फेरे लेंगे। शादी में देशभर से करीब 2000 मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।
PM मोदी, योगी और राहुल गांधी को मिला न्योता
इस शादी में कई बड़े राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है। रिंकू सिंह ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें शादी का कार्ड दिया था। वहीं, उनके परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निमंत्रण दिया है।
दूसरी ओर, प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शादी का कार्ड दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी निमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और अन्य नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
शाहरुख खान समेत क्रिकेट जगत के सितारों को भी बुलावा
राजनीतिक हस्तियों के अलावा बॉलीवुड और क्रिकेट जगत के कई चर्चित चेहरों को भी शादी का निमंत्रण दिया गया है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान का नाम भी मेहमानों की सूची में शामिल है।
क्रिकेट जगत से विराट कोहली, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ियों को न्योता भेजा गया है। भोजपुरी गायक समर सिंह सहित मनोरंजन जगत की अन्य हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
खास होगा प्रिया सरोज का ब्राइडल लुक
शादी को लेकर प्रिया सरोज के ब्राइडल लुक की भी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपने वेडिंग कलेक्शन में बनारसी साड़ियों को भी शामिल किया है। जयमाल के दौरान वह अपने क्षेत्र के पिंडरा बाजार की ज्वेलरी पहन सकती हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। शादी का मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी रखने की तैयारी है।
बता दें कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। अब करीब डेढ़ साल बाद दोनों विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। हालांकि, जिन हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है, उनकी शादी में मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।











