सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड में सत्तारूढ़ हेमंत सोरेन सरकार के सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक सुरेश पासवान की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढे : भाजपा सोनारी मंडल ने बड़ी हर्षोल्लास के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया
अचानक बिगड़ी तबीयत, शुगर लेवल गिरा
जानकारी के अनुसार, विधायक सुरेश पासवान इन दिनों दिल्ली दौरे पर थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जाता है कि उनका शुगर लेवल अचानक तेजी से गिर गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। उनके साथ मौजूद उनके सहयोगी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया। सूत्रों के अनुसार, अब उनकी हालत पहले से बेहतर है, लेकिन उन्हें तब तक अस्पताल में रखा जाएगा जब तक वह पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं हो जाते।
RJD खेमे में चिंता, नेता विधायक की हालत पर नजर रख रहे
उनके स्वास्थ्य के बिगड़ने की खबर मिलते ही राजद खेमे के साथ-साथ गठबंधन के अन्य सहयोगियों में भी चिंता का माहौल है। पार्टी के नेता लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं। RJD के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सुरेश पासवान लोगों के बीच अपनी सादगी और ज़मीन से जुड़े होने के लिए जाने जाते हैं और पार्टी को उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर लौटेंगे।
हाल ही में कई नेताओं की तबीयत बिगड़ी
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में झारखंड के कई नेताओं की तबीयत बिगड़ने की खबरें आ रही हैं। करीब एक हफ्ते पहले अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें पहले रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जनप्रतिनिधियों के लगातार बीमार पड़ने की घटनाओं ने राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ा दी है। लोग न सिर्फ जनप्रतिनिधियों की व्यस्त कार्यशैली और स्वास्थ्य पर ध्यान न देने की चर्चा कर रहे हैं, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठा रहे हैं। वहीं, सुरेश पासवान और हफीजुल हसन अंसारी दोनों के समर्थक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।









