---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य, 16 गुड समैरिटन हुए सम्मानित

By Riya Kumari

Published :

Follow
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य, 16 गुड समैरिटन हुए सम्मानित

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढे : सरायकेला मोड़ के पास मुफस्सिल थाना ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान, ड्रिंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई

बैठक शुरू होने से पहले सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 16 नेक नागरिकों (गुड समैरिटन) को उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, पिछले वर्षों के दुर्घटना एवं मृत्यु संबंधी आंकड़ों तथा वर्ष 2025-26 की तुलनात्मक समीक्षा प्रस्तुत की गई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही कार्रवाई और पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि 29 जून 2026 तक जिले में कुल 114 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। जून माह में पिछले वर्ष की तुलना में 5 दुर्घटनाओं की कमी आई है। इस पर उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला परिवहन पदाधिकारी को दुर्घटना स्थलों का अलग-अलग विश्लेषण तैयार करने, दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों का वर्गवार विवरण तैयार करने और प्रत्येक दुर्घटना स्थल पर पिछले तीन वर्षों के आंकड़े संकलित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं में वार्षिक स्तर पर 20 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य के अनुसार कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह एक दिन सड़क सुरक्षा दिवस आयोजित करने, विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और प्रत्येक विद्यालय में सड़क सुरक्षा क्लब का गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 75 मामलों में कुल 1 करोड़ 45 लाख 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। वहीं 39 लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की अधिक भागीदारी और हेलमेट के कम उपयोग को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को प्रत्येक माह विभिन्न माध्यमों से कम से कम 100 हेलमेट वितरित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे की उपलब्धता सुनिश्चित करने और इसके अभाव में लाइसेंस नवीनीकरण नहीं करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक माह दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले कम से कम 5 नेक नागरिकों (गुड समैरिटन) की पहचान कर सम्मानित करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता और बेहतर रिस्पांस के लिए आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को गुड समैरिटन नीति का प्रचार-प्रसार करने और लोगों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किया गया हर छोटा प्रयास दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा को जन अभियान बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट