---Advertisement--- Auto Image Slider
Slider Image

पहली से आठवीं तक के बच्चों को 500 रुपए, नवमीं व दसवीं के बच्चों को 1,000 रुपए एवं 11वीं एवं 12वीं के बच्चों को 1,500 रुपए देंगे: प्रियंका गांधी

By admin

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/दिल्ली(रिपोर्ट-सिद्धार्थ प्रकाश ) :  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के मंडला में आयोजित जन आक्रोश रैली में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश की जनता से कई वादे भी किए एवं कांग्रेस सरकार बनने पर विद्यार्थियों के लिए ‘पढ़ो और पढ़ाओ’ योजना शुरू करने की भी घोषणा की, जिसके अंतर्गत स्‍कूली शिक्षा मुफ्त की जाएगी और सभी स्‍कूली छात्रों को 500 से 1,500 प्रति माह दिए जाएंगे।

रैली में उमड़ी लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर ‘पढ़ो और पढ़ाओ’ योजना शुरू करने की घोषणा की। योजना के तहत सभी छात्र-छात्राओं को पहली से 12वीं कक्षा तक निशुल्क शिक्षा के अलावा कक्षा एक से आठ तक पांच सौ रूपये, कक्षा नौवीं व दसवीं कक्षा के छात्रों को एक हजार रुपये और कक्षा 11वीं व 12वीं के छात्रों को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।  कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों के कर्ज फिर से माफ किए जाएंगे। 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। 200 यूनिट बिजली बिल हाफ होगा। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लागू होगी। पांच हार्स पावर सिंचाई की बिजली किसानों को मुफ्त मिलेगी। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। ओबीसी आरक्षण 27 प्रतिशत होगा। जाति जनगणना कराई जाएगी। जहां 50 प्रतिशत से अधिक आदिवासी आबादी है, वहां छठी अनुसूची डाली जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के खाली पड़े बैकलॉग पदों को तत्काल भरा जाएगा। पीएम आवास योजना में शहरों की बराबर गांवों में भी राशि मिलेगी।

प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए थे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 600 रुपये की थी। एक करोड़ परिवारों को 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी थी। एक हजार गौशालाएं खोली थी। आदिवासियों के लिए 12 हजार बर्तन बैंक खुले थे। ओबीसी आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया था।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता को मजबूत करने के लिए कांग्रेस मनरेगा और भोजन का अधिकार लेकर आई। कांग्रेस वन अधिकार लाई। कांग्रेस ने पंचायत व्यवस्था को मजबूत किया। वहीं भाजपा सरकार ने सरपंचों के अधिकार में कटौती की, मनरेगा लागू नहीं किया गया, जमीनें छीनी गईं, उपज के सही दाम नहीं दिए गए। वन अधिकार खत्म किए। कमलनाथ के नेतृत्‍व वाली 15 महीने चली कांग्रेस सरकार में जो पट्टे दिलवाए, वह भाजपा सरकार ने रोक दिए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा शासन में डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गईं। प्रतिदिन 17 दुष्कर्म होते हैं। आदिवासियों पर अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर एक है। आदिवासियों को वन अधिकार नहीं मिल रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। रोजगार के लिए लोग मध्य प्रदेश छोड़ रहे हैं और भाजपा सरकार लूट में व्यस्त है।

प्रियंका गांधी ने भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के 225 महीनों के शासन में 250 घोटाले हुए। पोषण घोटाला, मिड डे मील घोटाला, सर्व शिक्षा अभियान घोटाला, स्कॉलरशिप घोटाला, भर्ती परीक्षा घोटाला, महाकाल घोटाला, नर्मदा घोटाला हुआ। व्यापम घोटाले में मौतें हुईं। तेंदूपत्ता बोनस में भी भ्रष्टाचार किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---