सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan के मुंबई स्थित घर के बाहर वर्ष 2024 में हुई फायरिंग मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका (MCOCA) अदालत में आवेदन दाखिल कर इस मामले में स्वेच्छा से सरेंडर करने की अनुमति मांगी है।
यह भी पढे : ‘मैंने Mouni Roy को कभी होश में नहीं देखा’, पत्रकार सिमी चंडोक के बयान से सोशल मीडिया पर बवाल
अनमोल बिश्नोई ने अपनी याचिका में कहा है कि वह इस मामले में चल रहे ट्रायल का सामना करना चाहते हैं और “निष्पक्ष सुनवाई तथा न्याय के हित” में न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहते हैं। उन्होंने अदालत से आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया है ताकि वह औपचारिक रूप से इस केस में शामिल हो सकें।
फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है अनमोल बिश्नोई
याचिका के अनुसार, अनमोल बिश्नोई इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था, जो कथित आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा है। इसी कारण वह मुंबई अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकता और उसने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करने का अनुरोध किया है।
क्या है Salman Khan फायरिंग मामला?
14 अप्रैल 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर, जहां सलमान खान रहते हैं, बाइक सवार दो हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच एजेंसियों ने इस हमले के पीछे बिश्नोई गैंग की साजिश होने का दावा किया था और अनमोल बिश्नोई को भी मामले में वांछित आरोपी बनाया गया।
अदालत के फैसले पर टिकी नजर
फिलहाल विशेष अदालत अनमोल बिश्नोई की याचिका पर विचार कर रही है। यदि अदालत अनुमति देती है, तो उसे इस मामले में औपचारिक रूप से सरेंडर कर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इस घटनाक्रम पर जांच एजेंसियों और कानूनी विशेषज्ञों की भी नजर बनी हुई है।










