सोशल संवाद / डेस्क : आमतौर पर बेहद तेज गर्मी और रेगिस्तानी इलाकों के लिए पहचाने जाने वाले सऊदी अरब में मौसम ने सभी को चौंका दिया है। देश के कई हिस्सों में अचानक बर्फबारी, तेज बारिश और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस असामान्य ठंड ने जहां लोगों की उत्सुकता बढ़ाई है, वहीं मौसम विशेषज्ञों और प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं।
यह भी पढ़े : अरावली विहार को लेकर लोगों में गुस्सा क्यों है? यह ख़त्म होने से क्या नुकसान है
तबुक प्रांत के पहाड़ों पर जमी बर्फ
उत्तर सऊदी अरब के तबुक प्रांत में पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी देखने को मिली है, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल गई। जेबल अल-लॉज पर स्थित हाई-एल्टीट्यूड पर्यटन स्थल ट्रोजेना, जिसकी ऊंचाई लगभग 2,600 मीटर है, पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। यहां हल्की बारिश के साथ बर्फ गिरने की पुष्टि हुई है।
हाइल और आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी
इसके अलावा हाइल क्षेत्र के कई हिस्सों, विशेष रूप से हाइल शहर के आसपास भी बर्फबारी दर्ज की गई है। मध्य-पूर्व के इस शुष्क देश में बर्फ गिरना बेहद दुर्लभ माना जाता है। सुबह के समय कुछ इलाकों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ जमने की स्थिति बन गई।
NCM ने बताई मौसम बदलाव की वजह
सऊदी अरब के नेशनल सेंटर फॉर मेट्रोलॉजी (NCM) के अनुसार, रियाद के उत्तर में स्थित अल-मजमाअह और अल-घाट क्षेत्रों में भी बर्फबारी देखी गई। खुले मैदानों और ऊंचे इलाकों में बर्फ जमने की सूचना है।

NCM के आधिकारिक प्रवक्ता हुसैन अल-क़हतानी ने बताया कि यह मौसम परिवर्तन मध्य और उत्तरी सऊदी अरब में प्रवेश करने वाली ठंडी हवाओं और बारिश लाने वाले बादलों की परस्पर क्रिया का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी तापमान कम बना रह सकता है, खासकर उत्तर और मध्य क्षेत्रों में।
प्रशासन की चेतावनी, स्कूल ऑनलाइन
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन धीमी गति से चलाने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। राजधानी रियाद में एहतियातन स्कूलों को ऑनलाइन मोड में कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
सऊदी अरब के पहाड़ों पर जमी बर्फ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। अल-मजमाअह और अल-घाट जैसे इलाकों में बर्फ देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चिंता
हालांकि मौसम विशेषज्ञ इसे विशेष वायुमंडलीय परिस्थितियों का नतीजा बता रहे हैं, लेकिन इस तरह की लगातार बढ़ती घटनाओं ने जलवायु परिवर्तन को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। हाल के महीनों में दुनिया के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अप्रत्याशित रूप से बदला है।
संयुक्त अरब अमीरात में सर्दियों की बारिश, दक्षिण एशिया में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, मध्य-पूर्व के शुष्क इलाकों में अचानक बाढ़ और यूरोप व उत्तरी अफ्रीका में असामान्य बर्फबारी जैसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि जलवायु परिवर्तन के चलते वैश्विक मौसम पैटर्न तेजी से बदल रहा है।










