सोशल संवाद / डेस्क : सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ, सुईया घाटिया द्वारा निःशुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन संघ के पदाधिकारियों एवं कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
संघ के अध्यक्ष अमरेश प्रसाद सिंह (पप्पू सिंह) ने बताया कि संस्था हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवरियों की निस्वार्थ सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सावन के पूरे माह श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।
शिविर का उद्घाटन सीसीएल रामगढ़ के सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर आर.बी. चौधरी एवं चाईबासा के सेवानिवृत्त डीएफओ आर.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संघ के संरक्षक आर.पी. सिंह, धनंजय सिंह, संजय मिश्रा, चंचल लकड़ा, सत्येंद्र कुमार सिंह, एम.बी. राव, बिहार से आए शिवभक्त कृष्ण मोहन सिंह, संजय सिंह, चंद्रभूषण सिंह, राजेश सिंह, प्रिंस कुमार सहित संस्था से जुड़े अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। सेवा कार्य पूरे सावन माह के दौरान नियमित और व्यवस्थित रूप से जारी रहेगा।
ओम कांवरिया सेवा संघ के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले सभी कांवरियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा के दौरान शिविर में अवश्य आएं और संस्था को उनकी सेवा करने का अवसर प्रदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं का स्नेह और सहयोग संस्था को आगे भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।









