सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।
यह भी पढे : बिहार जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार कम, बढ़ाने की मांग
जनता दरबार में उपायुक्त ने सभी आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, जबकि अन्य मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनता दरबार में मत्स्यजीवी समिति ने तालाब बंदोबस्ती की बढ़ी हुई राजस्व दर पर पुनर्विचार की मांग रखी। वहीं, कुचाई प्रखंड के बेरासीसीरूम गांव में जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत, खरसावां के शहीद पार्क के रखरखाव और आम लोगों के लिए नियमित रूप से पार्क खोलने, शहीद चौक एवं शहीद पार्क के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ईचागढ़ में छात्रा के नामांकन, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना का पिछले पांच माह से लाभ नहीं मिलने, आदित्यपुर क्षेत्र में रैयती भूमि के रास्ते को अवरुद्ध किए जाने तथा तमोलिया-कपाली मुख्य मार्ग पर दूषित जल निकासी के लिए सार्वजनिक नाली निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।
इसके अलावा भूमि विवाद, पेयजल, बिजली, राशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कई अन्य जनसमस्याओं पर भी आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा गंभीर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।










